लखनऊ: अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के एक कार्यक्रम के बाद मछली भोज को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सावन के महीने में अयोध्या में मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। वहीं कांग्रेस ने इसे निषाद समाज के कार्यक्रम से जोड़ते हुए बीजेपी पर समाज का अपमान करने का आरोप लगाया है।

अयोध्या के कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ विवाद

Join Our Whatsapp Group
रविवार को अयोध्या में निषाद समाज की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद वहां मछली पकाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद विवाद ने राजनीतिक रूप ले लिया।

योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद मछली भोज में शामिल हुए।

योगी ने कांग्रेस पर दोहरे आचरण का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि सावन के दौरान अयोध्या में इस तरह का आयोजन क्यों किया गया।

बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

अजय राय ने दी चुनौती- फोटो दिखा दें तो इस्तीफा दे दूंगा

आरोपों पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें निषाद समाज के कार्यक्रम में बुलाया गया था। उनके मुताबिक, मछली पकाना और खाना निषाद समाज की जीवनशैली का हिस्सा है।

अजय राय ने कहा कि अगर बीजेपी या मुख्यमंत्री के पास ऐसा कोई फोटो है, जिसमें वह मछली खाते हुए दिखाई दे रहे हों, तो उसे सामने लाया जाए। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर यह साबित हो जाता है तो वह इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।

कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया निषाद समाज के अपमान का आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक दत्त ने कहा कि पार्टी के नेता कार्यक्रम में थोड़ी देर के लिए शामिल हुए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर निषाद समाज के लोग मछली खाते हैं तो क्या बीजेपी निषाद समाज के खिलाफ है?

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी विवाद को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों के जरिए जरूरी राजनीतिक और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है। खेड़ा ने यह भी कहा कि अजय राय शाकाहारी हैं और खान-पान किसी व्यक्ति की निजी पसंद का विषय है।

बीजेपी ने बताया सनातन के प्रति असंवेदनशीलता

बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में अयोध्या में मछली भोज का आयोजन सनातन परंपराओं के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

वहीं कार्यक्रम के आयोजक राम निहाल निषाद ने खान-पान को व्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़ते हुए कहा कि संविधान हर व्यक्ति को अपनी पसंद का भोजन करने की स्वतंत्रता देता है।

अब राजनीतिक बयानबाजी तेज

अयोध्या में हुए इस कार्यक्रम के बाद मछली भोज का मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। बीजेपी जहां इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर कांग्रेस को घेर रही है, वहीं कांग्रेस इसे निषाद समाज की परंपरा और व्यक्तिगत खान-पान की स्वतंत्रता का मुद्दा बता रही है।

फिलहाल अजय राय के इस्तीफे वाले बयान के बाद यह विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
Published By- | 24-Aug-2026 02:14:00 pm