पटना। दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट की घटना का शिकार हो गई। विमान में 164 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि पायलट की सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले से विमान को सुबह करीब 7:43 बजे जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।

लैंडिंग से ठीक पहले हवा में उड़ रहा एक पक्षी विमान के दाहिने हिस्से से टकरा गया। घटना का पता चलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

Join Our Whatsapp Group
एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल सक्रिय

बर्ड हिट की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट हो गया। एहतियात के तौर पर रनवे के आसपास दमकल की गाड़ियों और आपातकालीन चिकित्सा टीमों को तैनात किया गया, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

विमान के सुरक्षित लैंड होने के बाद सभी 164 यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल भवन तक पहुंचाया गया।

तकनीकी जांच में इंजन सुरक्षित

लैंडिंग के बाद ग्राउंड इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम ने विमान के इंजन और बाहरी हिस्सों की विस्तृत जांच की। जांच में बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि हुई, लेकिन विमान के मुख्य इंजन, टरबाइन और संरचनात्मक हिस्से को किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली।

करीब डेढ़ घंटे की देरी से दिल्ली रवाना हुआ विमान

सुरक्षा जांच और जरूरी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान को दोबारा उड़ान के लिए मंजूरी दी गई। AI 1741/1852 को पटना से सुबह 8:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था, लेकिन बर्ड हिट के बाद अनिवार्य जांच के चलते उड़ान करीब डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई।

समय रहते पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया और विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
Published By- | 24-Aug-2026 05:52:00 pm