रायपुर, 27 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने देशभर से जुड़े युवाओं को वर्चुअली संबोधित किया।

देश के करीब 1600 स्थानों से 8 लाख से अधिक युवा इस कार्यक्रम से जुड़े। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा भी मौजूद रहे।

Join Our Whatsapp Group
पीएम मोदी ने कहा- खेल सिर्फ मेडल जीतने तक सीमित नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण में खेल शक्ति और युवा शक्ति को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि खेल से व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास होता है और देश का गौरव भी बढ़ता है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। खेल विश्वविद्यालयों, आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर और स्पोर्ट्स साइंस जैसी सुविधाओं के जरिए प्रतिभाओं को पहचानने से लेकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत की जा रही है।

युवाओं के सुझावों से बनेगा भविष्य का स्पोर्ट्स विजन

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं के विचारों और महत्वाकांक्षाओं को देश के विकास से जोड़ने का मंच है। कार्यक्रम में स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, टैलेंट डेवलपमेंट, खेलों में गवर्नेंस और विकसित भारत को लेकर युवाओं के सुझाव लिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें भविष्य की नीतियों में शामिल किया जा सके।

अरुण साव ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के पीछे कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास होता है। उन्होंने युवाओं से बुरी आदतों को छोड़कर अपनी कमियों को दूर करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकता है। साव ने युवाओं से अपील की कि असफलता मिलने पर निराश न हों और नशे की ओर कदम न बढ़ाएं।

तिलक वर्मा ने बताए खेल के फायदे

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से निपटना, दबाव झेलना, टीम भावना और मानसिक मजबूती सिखाता है। खेल के जरिए फिटनेस, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति भी जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने देश के लाखों युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।

युवा नेतृत्व और शासन में भागीदारी पर भी चर्चा

यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं से केवल सुझाव देने तक सीमित न रहने और अपनी पहल की जिम्मेदारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नेतृत्व, शासन-प्रशासन और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में युवाओं ने खेल अधोसंरचना के विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखे।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर NIT के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित अधिकारी, प्राध्यापक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
Published By- | 27-Aug-2026 05:24:00 pm