पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में जंगली भालू के हमले से हड़कंप मच गया। नाका बीट क्षेत्र में एक ही दिन में भालू ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे दो पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

जंगल में अचानक सामने आया भालू

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के मुताबिक लालजी, सीतल और मनोज वाकरे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली भालू से हो गया। भालू ने तीनों पर हमला कर दिया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सभापति राधा रैदास ने तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया। फिलहाल तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है।

वन विभाग ने दी तत्काल सहायता

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से घायलों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। रेंजर ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

लगातार हमलों से ग्रामीणों में डर

मरवाही क्षेत्र में भालू के हमलों की घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियां बढ़ने से लोगों को खतरा बना हुआ है। ऐसे में वन विभाग को समय रहते प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Published By- | 27-Aug-2026 06:12:00 pm