त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले से खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में कार सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के तमिलनाडु के रहने वाले छात्र होने की बात सामने आई है।

देर रात हुआ दर्दनाक हादसा

Join Our Whatsapp Group
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 11:40 बजे कैपामंगलम इलाके के पनम्बिकुन्नु के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े भारी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़े

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत दल को भारी उपकरणों की मदद लेनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर सभी आठ लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

तमिलनाडु नंबर की थी कार

पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटनाग्रस्त कार पर तमिलनाडु का रजिस्ट्रेशन नंबर मिला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक तमिलनाडु के एक ही शैक्षणिक संस्थान से जुड़े छात्र हो सकते हैं और केरल घूमने आए थे।

हालांकि, पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस संभावित परिजनों से संपर्क कर मृतकों की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर कार की तेज रफ्तार और नियंत्रण बिगड़ने की बात सामने आ रही है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Published By- | 05-Sep-2026 11:14:00 am