पंडरिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पंडरिया विधानसभा में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

15 टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला

Join Our Whatsapp Group
दही हांडी प्रतियोगिता में पंडरिया, कुई-कुकदुर और दुल्लापुर मंडल की कुल 15 टीमों ने हिस्सा लिया। दही हांडी फोड़ने के लिए टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। युवाओं के उत्साह और दर्शकों के जयघोष से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय नजर आया।

प्रतियोगिता में ग्राम रौहा और ग्राम केसलीगोडान की संयुक्त टीम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं ग्राम मैनपुरा की टीम दूसरे और स्टार गोल्ड पंडरिया की टीम तीसरे स्थान पर रही।

विजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी

प्रतियोगिता में विजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि तीसरे स्थान पर रही टीम को 11 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

विधायक भावना बोहरा ने प्रतियोगिता में शामिल युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

भावना बोहरा बोलीं- कृष्ण का जीवन कर्म और कर्तव्य की प्रेरणा देता है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल श्रद्धा और आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जीवन से कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पर्व नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। दही हांडी प्रतियोगिता युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व और आपसी सहयोग की भावना विकसित करती है।

संस्कृति और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने पर जोर

भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि युवाओं की सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी से आने वाली पीढ़ी तक हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को पहुंचाने का मार्ग मजबूत होता है।

5 सितंबर को दशरंगपुर में होगा अगला आयोजन

जन्माष्टमी महोत्सव और दही हांडी प्रतियोगिता की श्रृंखला के तहत 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में अगला आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम इन्दौरी और रणवीरपुर मंडल के संयुक्त आयोजन में होगा, जिसमें दोनों मंडलों की टीमें दही हांडी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
Published By- | 05-Sep-2026 11:18:00 am