लद्दाख प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी-अगस्त 2025 के दौरान करीब 2.69 लाख पर्यटक लद्दाख पहुंचे थे। वहीं 2026 के पहले आठ महीनों में यह संख्या बढ़कर 4.05 लाख हो गई। यानी इस अवधि में पर्यटकों की संख्या में करीब 50.37 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अगस्त में पर्यटकों की संख्या में 65 फीसदी से ज्यादा उछाल
अगस्त महीने में भी लद्दाख में पर्यटन को लेकर शानदार आंकड़े सामने आए हैं। अगस्त 2025 में जहां 45,201 पर्यटक लद्दाख पहुंचे थे, वहीं अगस्त 2026 में यह संख्या बढ़कर 74,753 हो गई।
इस तरह एक साल की तुलना में अगस्त में पर्यटकों की संख्या में करीब 65.38 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि वर्ष के बाकी महीनों में भी पर्यटन का यह सिलसिला जारी रहेगा।
विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी
लद्दाख में सिर्फ घरेलू पर्यटकों की संख्या ही नहीं बढ़ी, बल्कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
जनवरी से अगस्त 2025 के बीच 25,082 विदेशी पर्यटक लद्दाख पहुंचे थे। वहीं इसी अवधि में 2026 में यह संख्या बढ़कर 33,346 हो गई। यानी विदेशी पर्यटकों की संख्या में करीब 32.95 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
अगस्त 2026 में अकेले 10,075 विदेशी पर्यटक लद्दाख पहुंचे, जबकि अगस्त 2025 में यह संख्या 8,148 थी।
LG वीके सक्सेना ने बताया उत्साहजनक उपलब्धि
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पर्यटन के बढ़ते आंकड़ों को उत्साहजनक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आठ महीनों में ही पिछले पूरे साल के आंकड़े को पार कर लेना महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने पर्यटन के विकास को केंद्र सरकार के घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और लद्दाख में पर्यटन-अनुकूल नीतियों से जोड़ते हुए कहा कि भविष्य में पर्यटन को टिकाऊ, जिम्मेदार और सालभर चलने वाले मॉडल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
ऑफ-सीजन पर्यटन पर भी फोकस
लद्दाख प्रशासन अब सिर्फ गर्मियों के पर्यटन सीजन तक सीमित रहने के बजाय ऑफ-सीजन और शोल्डर महीनों में भी पर्यटकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है।
इसके लिए त्योहारों, खेल आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पर्यटन कैलेंडर का हिस्सा बनाया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, कारीगरों, ट्रांसपोर्टरों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और आय के अधिक स्थिर अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
पर्यटन बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से लद्दाख के होटल, होमस्टे, टैक्सी, ट्रांसपोर्ट, स्थानीय बाजार और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को भी फायदा मिलने की संभावना है।
आंकड़े बताते हैं कि 2026 लद्दाख के पर्यटन क्षेत्र के लिए अब तक बेहद मजबूत साल रहा है। अभी साल के चार महीने बाकी हैं, ऐसे में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।