मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के भैंसाना गांव के पास हुआ, जहां बड़ौत डिपो की रोडवेज बस की दो बाइक सवारों से जोरदार टक्कर हो गई।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज बस बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भैंसाना गांव के पास बस के ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही दो बाइकों से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई।

बच्ची समेत पांच लोगों ने गंवाई जान

हादसे में मृतकों की पहचान मोमिन, फरमान, इदरीश और शाजिद के रूप में हुई है। मृतकों में करीब ढाई से तीन साल की बच्ची भल्लो भी शामिल है।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

बस सीज, मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे की वजह ओवरटेकिंग सामने आ रही है। रोडवेज बस को सीज कर दिया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, हादसा करीब शाम 4 बजे हुआ। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। प्रथम दृष्टया ओवरटेक के दौरान बस और मोटरसाइकिलों की टक्कर होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Published By- | 10-Sep-2026 10:41:00 am