रायपुर। छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे लोगों से भरी बोलेरो महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। रायपुर-नागपुर हाईवे पर पिंपलगांव के पास देर रात बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।

बोलेरो में 16 से 17 लोग थे सवार

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में करीब 16 से 17 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग छत्तीसगढ़ से तीज मनाने के लिए नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान पिंपलगांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

8 लोगों की मौके पर मौत, एक महिला ने रास्ते में तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि 8 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि इलाज के लिए नागपुर ले जाई जा रही एक महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

कवर्धा और खैरागढ़ के रहने वाले थे मृतक

मृतकों में 6 लोग कवर्धा जिले और 3 लोग खैरागढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे में जान गंवाने वाले तीन बच्चों की उम्र 5 साल से कम बताई जा रही है।

ड्राइवर समेत कई लोग घायल

हादसे में बोलेरो चालक समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। ड्राइवर और तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को इलाज के लिए नागपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बोलेरो खड़े ट्रक से किस वजह से टकराई, इसकी जांच की जा रही है।
Published By- | 11-Sep-2026 04:08:00 pm