दो साल से नेटवर्क की समस्या का दावा
जानकारी के मुताबिक, हरदौली गांव में पिछले करीब दो वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या होने का ग्रामीणों का दावा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में टेलीकॉम कंपनी का मोबाइल टावर लगाए जाने के बावजूद नेटवर्क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि नेटवर्क की समस्या के कारण कॉलिंग और इंटरनेट सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी होती है। उनका आरोप है कि कई बार रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें अपेक्षित नेटवर्क सुविधा नहीं मिल पा रही है।
शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, नेटवर्क की समस्या को लेकर कई बार टेलीकॉम अधिकारियों से फोन पर शिकायत की गई और मौखिक रूप से भी समस्या बताई गई। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि इसी नाराजगी के बीच टावर के निरीक्षण और देखरेख के लिए पहुंचे एक टेलीकॉम कर्मी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसे टावर से बांध दिया। ग्रामीण कथित तौर पर अधिकारियों के मौके पर आने के बाद ही कर्मचारी को छोड़ने की बात कह रहे थे।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने कर्मी को छुड़ाया
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और टेलीकॉम कर्मी को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई।
पुलिस अब वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
एसपी ने बताया- 5 लोग हिरासत में
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बिंदकी क्षेत्र के एक गांव से टावर टेक्नीशियन को बंधक बनाए जाने का वीडियो सामने आया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ग्रामीण 5G नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने को लेकर नाराज थे।
एसपी के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टेलीकॉम कर्मी को किन परिस्थितियों में बंधक बनाया गया और इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।