जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देवरी चिचोली पिकनिक स्पॉट पर बड़ा हादसा हो गया। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज से पिकनिक मनाने पहुंचे तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद पुलिस और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

शनिवार सुबह रेस्क्यू अभियान में उस समय तेजी आई, जब सालिहाभाठा के पास नदी में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। हालांकि, शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है। रेस्क्यू टीम नदी के आसपास के इलाकों में लगातार तलाश कर रही है।

Join Our Whatsapp Group
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब 8 छात्रों का समूह शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी चिचोली पहुंचा था। हसदेव नदी में इन दिनों तेज बहाव बताया जा रहा है। इसी दौरान कुछ छात्र नदी में नहाने के लिए उतरे और तीन छात्र तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

साथ आए छात्रों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में मुश्किल

हसदेव नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया है कि बांगो बांध के भर जाने के कारण नदी का बहाव तेज है।

अंधेरा होने के कारण शुक्रवार रात तलाशी अभियान को रोकना पड़ा था। सुबह होते ही टीमों ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

तीन छात्रों के नाम सामने आए

नदी में बहे छात्रों में 22 वर्षीय मुरारी साहू, कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र निवासी कृष्ण और चिरमिरी निवासी पल्लव के नाम सामने आए हैं। प्रशासन ने तीनों छात्रों के परिजनों से संपर्क किया है।

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीमें नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रही हैं। सालिहाभाठा के पास शव दिखने की सूचना के बाद अभियान और तेज कर दिया गया है, लेकिन शव की पहचान और तीनों छात्रों के संबंध में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
Published By- | 12-Sep-2026 03:57:00 pm