मुंबई, 12 सितंबर 2026। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दायरा’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान उन्होंने अपनी बहन और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के एक यादगार फैशन लुक को रीक्रिएट कर फैंस का ध्यान खींच लिया। करीना ने करिश्मा के फिल्म ‘जुबैदा’ वाले आइकॉनिक लुक को अपने अंदाज में दोहराया।

करीना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी और करिश्मा की तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया। इसमें एक तरफ करीना उसी अंदाज की मल्टीकलर साड़ी में नजर आईं, जबकि दूसरी तरफ फिल्म ‘जुबैदा’ में करिश्मा की तस्वीर थी। करीना ने इसके साथ लिखा, “मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद अच्छी है… सिस्टर्स फॉरएवर।”

Join Our Whatsapp Group
करिश्मा का ‘जुबैदा’ लुक आज भी यादगार

करिश्मा कपूर ने फिल्म ‘जुबैदा’ के गाने ‘धीमे धीमे गाऊं’ में यह खास साड़ी पहनी थी। राजस्थानी पारंपरिक लहरिया प्रिंट वाली मल्टीकलर साड़ी में करिश्मा का यह लुक फिल्म के यादगार फैशन मोमेंट्स में शामिल है। उन्होंने इसके साथ सिंपल ब्लाउज और पर्ल ज्वेलरी कैरी की थी।

फिल्म ‘जुबैदा’ का निर्देशन श्याम बेनेगल ने किया था। फिल्म के इस गाने को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया था और कविता कृष्णमूर्ति ने अपनी आवाज दी थी।

‘दायरा’ में पहली बार साथ नजर आएंगे करीना और पृथ्वीराज

करीना कपूर खान की फिल्म ‘दायरा’ का निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं। फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई गई है और इसमें अपराध, सजा, त्वरित न्याय बनाम विलंबित न्याय और दो पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग सोच को केंद्र में रखा गया है।

फिल्म का लेखन यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने किया है। जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज मिलकर फिल्म का निर्माण कर रहे हैं।

‘दायरा’ करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की साथ में पहली फिल्म है। यह जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज का पहला कोलैबोरेशन भी है। मेघना गुलजार का जंगली पिक्चर्स के साथ ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद यह तीसरा प्रोजेक्ट है।

18 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

फिल्म ‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को हिंदी और मलयालम भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर करीना के प्रमोशनल लुक्स भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
Published By- | 12-Sep-2026 12:09:00 pm