मेरठ के पास आई तकनीकी खराबी
Alliance Air की उड़ान संख्या 91698 शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। विमान ने करीब 11:58 बजे प्रयागराज में लैंडिंग की। इसके बाद दोपहर 12:33 बजे विमान ने प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
दिल्ली के रास्ते में मेरठ के आसपास विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। एक इंजन के फेल होने के बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया और IGI एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
विमान में 54 लोग सवार थे
विमान में यात्रियों और क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार बताए गए हैं। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
DGCA ने दिए जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में इंजन में आई खराबी की वजह के साथ यह भी देखा जाएगा कि उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच में किसी तरह की कमी तो नहीं रह गई थी।
दो सप्ताह में Alliance Air की दूसरी घटना
Alliance Air के विमान से जुड़ी यह घटना करीब दो सप्ताह में दूसरी गंभीर घटना है। 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की उड़ान संख्या 91613 का एक टायर रनवे पर फट गया था। टायर फटने के बाद चिंगारी उठी और तेज घर्षण हुआ था, हालांकि पायलट ने विमान को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया था।
उस विमान में 37 यात्री और 4 क्रू सदस्य सवार थे। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी।
जांच के बाद सामने आएगी खराबी की वजह
अब DGCA की जांच में यह स्पष्ट होगा कि उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई। साथ ही विमान के मेंटेनेंस रिकॉर्ड और उड़ान से पहले की तकनीकी जांच की भी समीक्षा की जाएगी। फिलहाल यात्रियों और क्रू के सुरक्षित होने से बड़ी दुर्घटना टल गई।