PM आवास योजना को लेकर लंबे समय से कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। अब दोनों प्रमुख नेताओं के आमने-सामने होने से इस बहस पर राजनीतिक गलियारों की नजर टिकी हुई है।
विजय शर्मा ने दी थी खुली बहस की चुनौती
PM आवास योजना को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठाती रही है। वहीं, भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में 18 लाख PM आवास बनाने का लक्ष्य बताया था।
इसी मुद्दे को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को खुली बहस की चुनौती दी थी। विजय शर्मा ने कहा था कि वे PM आवास योजना के मुद्दे पर भूपेश बघेल से कहीं भी चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने बहस के लिए मंच और विषय तय करने की जिम्मेदारी प्रेस क्लब पर छोड़ दी थी।
भूपेश बघेल ने स्वीकार की चुनौती
विजय शर्मा की चुनौती को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार किया था। बघेल ने 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में PM आवास योजना पर बहस के लिए सहमति जताई थी।
इसके बाद आज दोनों नेता प्रेस क्लब पहुंचे और उनके बीच आमने-सामने बहस शुरू हुई। माना जा रहा है कि दोनों नेता PM आवास योजना को लेकर अपनी सरकार और मौजूदा सरकार के कार्यकाल के आंकड़ों को सामने रखकर एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठा सकते हैं।
विजय शर्मा ने बहस से पहले जारी किए आंकड़े
महाबहस से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से PM आवास योजना से जुड़े आंकड़े जारी किए गए थे। दस्तावेज के अनुसार, 18 लाख आवासों के लक्ष्य से जुड़े विभिन्न घटकों में कुल 18,12,742 आवास शामिल हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, नई सरकार के गठन के बाद 13,17,352 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 11,51,431 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
अधूरे आवासों को लेकर भी आंकड़े जारी
जारी दस्तावेज के अनुसार, वर्ष 2016 से 2023 तक शेष अधूरे आवासों की संख्या 2,46,215 थी। इनमें से 1,95,441 आवास पूर्ण किए गए हैं।
वहीं, स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल परिवारों के लिए 6,99,438 आवास का विवरण दिया गया है। इनमें से 5,86,788 आवास नई सरकार के गठन के बाद स्वीकृत हुए और 4,69,782 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
दस्तावेज में आवास प्लस के तहत 8,19,999 परिवारों और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 47,090 आवासों का भी उल्लेख किया गया है।
प्रेस क्लब में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भूपेश बघेल और विजय शर्मा की महाबहस को देखते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रेस क्लब परिसर के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अब बहस के दौरान दोनों नेता PM आवास योजना को लेकर अपने-अपने आंकड़े और तर्क सामने रख रहे हैं। राजनीतिक रूप से अहम माने जा रहे इस आमने-सामने के मुकाबले में किसके दावे और आंकड़े भारी पड़ते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।