पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी को परिचित युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद विवाद किया। इसी दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी हुई और आरोपी ने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
आधी रात पत्नी को ढूंढने निकला था पति
पुलिस जांच के अनुसार, 9 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे सुमित ने पत्नी को कमरे में नहीं देखा। आसपास तलाश करने पर उसने पत्नी को परिचित युवक जितेंद्र मंडल के साथ देखा।
इससे नाराज होकर सुमित ने जितेंद्र का पीछा किया। हालांकि, जितेंद्र मौके से भागने में सफल रहा। इसके बाद सुमित और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक हो गया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान सुमित ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।
झाड़ियों में मिला महिला का शव
घटना के बाद महिला का शव झाड़ियों में मिला। बाद में जेपी एग्रोटेक मिल के मजदूरों ने झाड़ियों में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश का आरोप
जांच के दौरान पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला। विवेचना में पति की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उससे पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी देने का प्रयास किया था।
जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ख) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच जारी है।