बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात बजरंग दल कार्यकर्ताओं से गोवंश के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने रात करीब दो बजे सूखी सेवनिया टोल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें नौ गोवंश मिले। मवेशियों को काफी कम जगह में भरा गया था। उन्हें बाहर निकालने पर आठ जीवित पाए गए, जबकि एक की मौत हो चुकी थी।
पिकअप चालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप चालक लक्की राठौर (18), निवासी ग्राम धर्मपुरी, थाना सांवेर, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया। उसके साथ विजय भाडवा और विजय सिसोदिया को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने वाहन जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
आठ गोवंश को गोशाला में दिया गया संरक्षण
वाहन से बरामद आठ जीवित गोवंश को पुलिस ने देखभाल के लिए जीवदया गोशाला भेज दिया। वहीं, एक मवेशी की मौत होने के मामले में भी आवश्यक कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच का प्रमुख पहलू यह पता लगाना है कि गोवंश को विदिशा के जंगलों से किसने पकड़ा था और इनके परिवहन में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।