पार्टी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अलग-अलग क्षेत्रों में दो-दिवसीय प्रवास के जरिए संगठन और चुनावी तैयारियों की जमीनी स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं। ब्रज क्षेत्र के संभावित दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संगठनमंत्री धर्मपाल के भी मौजूद रहने की बात कही जा रही है।
सांसदों-विधायकों और पदाधिकारियों से करेंगे बैठक
मथुरा प्रवास के दौरान नितिन नवीन स्थानीय सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी।
बैठकों में स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को भी महत्व दिया जाएगा। पार्टी संगठन से जुड़े पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याओं और संगठन को लेकर उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा होगी।
मेरठ-सहारनपुर के बाद ब्रज पर फोकस
नितिन नवीन ने इससे पहले 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर का दो दिवसीय दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा की थी और पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से संवाद किया था।
सहारनपुर में पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी हुई थी। अब ब्रज क्षेत्र में प्रस्तावित प्रवास को इसी संगठनात्मक अभियान की अगली कड़ी माना जा रहा है।
बीजेपी का फोकस विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के सभी स्तरों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं पर चर्चा करने पर है।