शाम 6 बजे से झांकी मार्ग पर वाहनों की नो-एंट्री
विसर्जन झांकियों का जुलूस शारदा चौक से महादेवघाट तक जाएगा। जुलूस को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है। निर्धारित झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे झांकी मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं। साथ ही यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन और एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
डीजे और साउंड सिस्टम के लिए भी नियम
विसर्जन झांकियों के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गणेश उत्सव समितियों को निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार ही ध्वनि उपकरणों का उपयोग करना होगा।
प्रशासन का कहना है कि विसर्जन जुलूस को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के साथ आम लोगों की आवाजाही और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
झांकियों के बीच होगी पुरस्कार प्रतियोगिता
इस बार गणेश विसर्जन झांकियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से गणेश उत्सव समितियों की झांकियों का मूल्यांकन कराया जाएगा।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली समितियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये रखा गया है।
प्रस्तुति और अनुशासन समेत इन आधारों पर मूल्यांकन
विसर्जन के दौरान शहर से गुजरने वाली झांकियों का ज्यूरी कमेटी मूल्यांकन करेगी। इसमें झांकी की प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन समेत निर्धारित मापदंडों को आधार बनाया जाएगा।
गणेश विसर्जन के दौरान प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें व्यवस्था संभालेंगी। लोगों से जुलूस के दौरान सहयोग करने और सुरक्षा व यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।