उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर सोमवार को एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव किया और पुलिस के साथ झड़प हो गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल घायल हुई हैं। मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Join Our Whatsapp Group
बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश, पुलिस से झड़प

प्रशासन की कार्रवाई से पहले शाही मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी। भीड़ ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच झड़प हुई और पथराव किया गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। इसके बाद मुस्लिम समाज के कुछ लोग आगर नाके पर भी जमा हुए। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

शहर काजी ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील

शहर काजी खलीर्कुरहमान ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना वजह बाजार या घटनास्थल पर जमा न हों। उन्होंने कहा कि मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने को लेकर बातचीत के बाद सहमति बनी थी और संबंधित प्रक्रिया के तहत काम किया जा रहा है।

सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया जाना है हिस्सा

दरअसल, उज्जैन के कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। मास्टर प्लान 2035 के तहत इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। शाही मस्जिद का करीब 10 फीट हिस्सा प्रस्तावित सड़क सीमा में बाधक बताया गया है।

प्रशासन इसी बाधक हिस्से को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है। सिंहस्थ-2028 और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए मार्ग चौड़ीकरण किया जा रहा है।

कलेक्टर ने कहा- सभी समुदायों का सहयोग मिल रहा

उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को देखते हुए शहर में मास्टर प्लान के अनुसार निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के काम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मार्ग में आने वाले मकान और धर्मस्थल हटाने में अलग-अलग समुदायों के लोगों का सहयोग मिल रहा है।

प्रशासन और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।
Published By- | 28-Sep-2026 01:58:00 pm