BJP ने प्रदेश के सह प्रभारी नितिन नबीन को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया
28-Mar-2024 12:58:52 pm
810
- नीतीश सरकार में हैं मंत्री
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। सभी पार्टी लोकसभा चुनाव में अपनी जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे है। इसी बीच भाजपा ने बड़ा दांव खेला है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने 13 राज्यों के प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति की है। जिसमें नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रभारी की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
इससे पहले नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी थे। नितिन नबीन से पहले प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी ओम प्रकाश माथुर के हाथों में थी। लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए भाजपा ने प्रदेश प्रभारियों की नई नियुक्ति की है। जिसमें छत्तीसगढ़ का कमान संभालने नितिन नबीन को मौका दिया गया है।
बता दें कि बिहार भाजपा के दिग्गज नेता किशोर सिन्हा के बेटे नितिन नबीन बांकीपुर से चार बार विधायक रह चुके हैं। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। इसके साथ ही वह बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। कुछ दिन पहले ही उन्हें नीतीश मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उनके अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।