जम्मू-कश्मीर में खाई में गिरी कैब, 10 लोगों की मौत
29-Mar-2024 2:20:39 pm
737
जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कैब खाई में गिर गई। इसके चलते 10 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार तड़के यात्रियों से भरी एक कैब रामबन जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैटरी चश्मा के पास चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के चलते गहरी खाई में गिर गई।
अधिकारियों ने कहा, ''दुर्घटनास्थल से 10 शव बरामद किए गए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस, एसडीआरएफ और त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) की टीमों को मौके पर भेजा गया।'' अधिकारियों ने कहा, ''लगातार बारिश और अंधेरे के चलते शुरू में बचाव अभियान में बाधा आई, जिसे शुक्रवार सुबह फिर से शुरू किया गया। बचाव अभियान अभी भी जारी है।'' पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल क्यूआरटी रामबन बचाव अभियान चला रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?-
अधिकारियों ने बताया है कि यात्री से भरा वाहन श्रीनगर से जम्मू जा रहा था और देर रात करीब सवा एक बजे जिले के बैटरी चश्मा इलाके में 300 फुट गहरी खाई में गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच 10 यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवान मौके पर हैं और रेस्क्यू किया जा रहा है।
दो मृतकों की हुई पहचान-
अधिकारियों ने बताया है कि इस हादसे में मृतकों में कार चालक जम्मू के बलवान सिंह और बिहार के पश्चिमी चंपारण के विपीन मुखिया भैरगंग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, "राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। बारिश और अंधेरे के कारण बचाव अभियान अभी भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें बैठे लोगों का पता नहीं लगा सका है। शुक्रवार सुबह पहली किरण के साथ बचाव अभियान फिर से शुरू किया गया है।