रकुलप्रीत सिंह-जैकी भगनानी दोस्तों के साथ निकले बैचलर ट्रिप पर
06-Feb-2024 1:57:59 pm
661
मुंबई। एक्ट्रेस रकुलप्रीत सिंह और एक्टर व फिल्ममेकर जैकी भगनानी पिछले कई दिनों से शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। रकुल व जैकी शादी की तैयारियों के बीच दोस्तों के साथ बैचलर ट्रिप पर निकले हैं। इसकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। रकुल-जैकी इस समय थाईलैंड में दोस्तों और परिवार के साथ अपना बेहतरीन समय बिता रहे हैं। वे धमाल करते दिख रहे हैं। कपल समुद्र के बीच पूरी मस्ती के मूड में हैं।
उनकी यॉट पार्टी की कुछ तस्वीरें उनके साथ गईं प्रज्ञा जायसवाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर कीं। कहा जा रहा है कि शादी 22 फरवरी को गोवा में होगी। हालांकि अभी तक इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है। रकुल ने 3 फरवरी को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक सेल्फी शेयर की थी, जिसमें वह सिर ढके हुए नीले रंग की ड्रेस पहने नजर आईं। यह तस्वीर उनके ‘अखंड पाठ’ की थी। जोड़े को 12 जनवरी को मुंबई में राम मंदिर प्रतिमूर्ति रथ के दौरान राम दर्शन करते हुए देखा गया था।
दोनों ने साल 2021 में अपने रिश्ते को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया था। उल्लेखनीय है कि रकुलप्रीत ने साल 2014 में फिल्म ‘यारियां’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ‘दे दे प्यार दे’, ‘रनवे 34’ और ‘डॉक्टर जी’ जैसी फिल्मों में काम किया। हाल ही में रकुल को तमिल फिल्म ‘अयलान’ में शिवकार्तिकेयन के साथ देखा गया था। यह साइंस-फाई ड्रामा क्रिटिक्स और दर्शकों से तारीफ पाने में कामयाब रही। उनके पास पाइपलाइन में ‘मेरी पत्नी का रीमेक’ और कमल हासन की ‘इंडियन 2’ है।