हिंदुस्तान

'AIKEYME' अभ्यास से मजबूत होंगे भारत-अफ्रीका सैन्य संबंध, कल होगा शुभारंभ

  • नौसेना प्रमुख का तंजानिया दौरा
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने शनिवार से तंजानिया की 5 दिन की यात्रा शुरू की। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और अफ्रीकी देशों की नौसेनाओं के बीच होने वाले बड़े युद्धाभ्यास 'AIKEYME' में भाग लेना और उसे देखना है। अफ्रीका-भारत प्रमुख समुद्री जुड़ाव के लिए 'AIKEYME' नाम का यह अभ्यास रविवार 13 अप्रैल से तंजानिया के दार-एस-सलाम में शुरू हो रहा है। इसका आयोजन भारतीय नौसेना और तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्स मिलकर कर रहे हैं।
बता दें कि यह अभ्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'ग्लोबल साउथ' के साथ भारत के रिश्तों को मजबूत करने की नई पहल का हिस्सा है। जहां पीएम मोदी ने हाल ही में मॉरीशस दौरे में 'महासागर' (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) विजन की बात कही थी।
दोनों देशों की बीच समुद्री सहयोग को मजबूती पर जोर
नौसेना प्रमुख एडमिरल त्रिपाठी 12 से 16 अप्रैल तक तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान वे दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर देंगे। नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया गया है कि एडमिरल त्रिपाठी की यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की मजबूत रक्षा साझेदारी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अभ्यास में अन्य अफ्रीकी देश भी लेगें हिस्सा
6 दिन तक चलने वाले इस अभ्यास में भारत और तंजानिया के अलावा कई अफ्रीकी देश जैसे कोमोरोस, जिबूती, इरिट्रिया, केन्या, मेडागास्कर, मॉरीशस, मोजाम्बिक, सेशेल्स और दक्षिण अफ्रीका भी हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास का मकसद समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना है। इसमें समुद्री डकैती, तस्करी और अवैध मछली पकड़ने जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सूचनाएं साझा करना और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाना शामिल है।अधिकारियों का कहना है कि 'AIKEYME' अभ्यास से भारत और अफ्रीकी देशों के बीच समुद्री सहयोग और ज्यादा गहराएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image