हिमाचल बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, 79.4% रहे सफल
20-May-2023 3:47:29 pm
681
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आज कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड कक्षा 12वीं का परिणाम 79.4 प्रतिशत रहा है। 13,335 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आई है। 8,139 विद्यार्थी परीक्षा में फेल हुए हैं। वर्ष 2022 में 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 93.90 प्रतिशत रहा था।
कॉमर्स संकाय में सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराहन की छात्रा वृंदा ठाकुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। साइंस संकाय में ओजस्विनी उपमन्यु ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उपमन्यु ने 500 में से 493 अंक (98.6 प्रतिशत) हासिल किए हैं। वह जिला ऊना के घनारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का छात्र है।
वृंदा ने 500 में से 492 अंक (98.4 प्रतिशत) हासिल किए हैं और तरनिजा शर्मा 97.4% अंकों के साथ आर्ट्स स्ट्रीम में टॉपर हैं।
आर्ट्स संकाय में प्रदेशभर में पहले स्थान पर चार विद्यार्थी रहे हैं। चारों ने 500 में से 487 अंक (97.4 प्रतिशत) हासिल किए हैं।
डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्रा तरनिजा शर्मा, रूट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग की छात्रा दिव्य ज्योति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर शिमला की छात्रा नूपुर कैथ और सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल जरवा जुनेली के छात्र ज्येश प्रदेश भर में पहले स्थान पर रहे हैं।