दुनिया-जगत

तालिबान सरकार ने अफगानिस्तान में प्रदर्शनों पर लगाई रोक

तालिबान की अंतरिम सरकार ने देश में सभी तरह के प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है। हाल में काबुल सहित देश के कई शहरों में महिलाएं अपने अधिकारों के लिए जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं। बल प्रयोग करने के बाद भी महिलाओं के ये प्रदर्शन न रुकने पर अब सरकारी आदेश जारी किया गया है। यह आदेश अंतरिम सरकार के गृह मंत्रालय ने दिया है।

गृह मंत्रालय ने आदेश में कहा है कि अब कोई प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। जो भी प्रदर्शन होंगे उसके लिए बाकायदा अनुमति लेना आवश्यक होगा। इसके साथ ही किस उद्देश्य से प्रदर्शन किया जा रहा है, उसमें क्या नारे लगाए जाएंगे और किस तरह के बैनर होंगे, इसकी भी पूरी जानकारी देनी होगी।

इस आदेश के बाद ऐसा नहीं लगता है कि महिलाओं के प्रदर्शन को तालिबान किसी भी तरह से अनुमति देगा। उल्लेखनीय है कि तालिबान की नई अंतरिम सरकार में महिलाओं को स्थान न देने और कई पाबंदियां लगाने के कारण काबुल सहित देश के कई शहरों में जबर्दस्त प्रदर्शन हो रहे हैं। तालिबान के धमकी देने के बाद भी ये प्रदर्शन नहीं रुक रहे हैं। पिछले दिनों काबुल में तालिबान ने महिलाओं के साथ मारपीट और आंसू गैस के गोले भी दागे थे।

Leave Your Comment

Click to reload image