दुनिया-जगत

'ये लोग सामाजिक सुरक्षा फंड को लूटना चाहते हैं' : बाइडन

  • राष्ट्रपति पद से हटने के बाद ट्रंप प्रशासन पर बरसे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति
वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिए बगैर ट्रंप प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन पर सामाजिक सुरक्षा प्रशासन को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा प्रशासन को कमजोर इसलिए किया जा रहा है ताकि इसके पैसे को लूटा जा सके। राष्ट्रपति पद से हटने के बाद पहली बार बाइडन ने सार्वजनिक रूप से ट्रंप प्रशासन और उसकी नीतियों पर तीखा हमला बोला।
बाइडन ने ट्रंप प्रशासन को घेरा
बाइडन ने शिकागो में वकीलों के एक राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान कहा कि अब नए प्रशासन को सत्ता में 100 दिन ही हुए हैं, लेकिन इन 100 दिनों में ही इस सरकार ने कितना नुकसान कर दिया है। उन्होंने संघीय सरकार से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि सरकार अभी हजारों और कर्मचारियों को निकालने की कोशिश कर रही है। बाइडन ने ट्रंप प्रशासन के कामकाज की आलोचना करते हुए कहा कि ये लोग पहले गोली चला रहे हैं और उसके बाद निशाना लगा रहे हैं और इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाइडन ने ट्रंप प्रशासन पर लगाया देश बांटने का आरोप
बाइडन ने सरकार पर देश को बांटने का आरोप लगाया और कहा कि अमेरिका पहले कभी इतना बंटा हुआ नहीं था। उन्होंने कहा कि ये करीब 30 प्रतिशत लोग हैं, लेकिन इनके सीने में दिल नहीं है। बाइडन ने कहा कि सरकार सामाजिक सुरक्षा के फंड में कटौती कर रही है। सामाजिक सुरक्षा प्रशासन में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की गई है, जिससे प्रशासन का कामकाज प्रभावित हुआ है। अब लोग सामाजिक सुरक्षा की वेबसाइट पर लॉगइन करते हैं तो वेबसाइट क्रैश हो जा रही है। इससे लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा। बाइडन ने कहा कि 'लोगों को अपने आप से पूछना चाहिए कि ऐसा क्यों हो रहा है? ये लोग सामाजिक सुरक्षा को निशाना क्यों बना रहे हैं? वे इसे कमजोर करके इसे लूटना चाहते हैं ताकि अमीरों को टैक्स कटौती का लाभ दिया जा सके।'

Leave Your Comment

Click to reload image