हिंदुस्तान

अपनों को वापस लाने के हर प्रयास कर रही सरकार : आर. हरि कुमार

  • कतर में भारतीयों को दी गई सजा-ए-मौत पर नौसेना चीफ ने कहा
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अपने आठ पूर्व नौसैनिकों को कतर से वापस लाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। बता दें, कतर में एक अदालत ने इन नौसैनिकों को मौत की सजा दी है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'भारत सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि उन्हें वापस लाया जाए। इसके साथ ही उनके हितों को ध्यान में रखने के लिए हम मिलकर काम कर रहे हैं।'
भारतीय नौसेना के सभी आठ पूर्व कर्मियों को 30 अगस्त 2022 की रात को हिरासत में ले लिया गया था। तब से उन्हें एकांत कारावास में रखा गया था। हिरासत में लिए गए लोगों में कमांडर (सेवानिवृत्त) पूर्णेंदु तिवारी हैं, जो एक भारतीय प्रवासी हैं, जिन्हें 2019 में प्रवासी भारती सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। कंपनी की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार पूर्णंदू तिवारी भारतीय नौसेना में कई बड़े जहाजों की कमान संभाल चुके हैं। इन सभी पर पनडुब्बी कार्यक्रम पर कथित रूप से जासूसी करने का आरोप लगाया गया था। 
कतर की अदालत ने भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मचारियों को 26 अक्तूबर को मौत की सजा सुनाई थी। इस फैसले से भारत बेहद हैरान है। उसने इस निर्णय को चौंकाने वाला बताया था। हालांकि, भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि वह इस मामले में सभी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेवानिवृत होने के बाद ये सभी नौसैनिक कतर की एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। यह कंपनी कतरी एमिरी नौसेना को ट्रेनिंग और अन्य सेवाएं प्रदान करती है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, कंपनी का नाम दहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजी एवं कंसल्टेंसीज सर्विसेज है। कंपनी खुद को कतर रक्षा, सुरक्षा एवं अन्य सरकारी एजेंसी की स्थानीय भागीदार बताती है।
मौत की सजा के खिलाफ पहले ही अपील दायर की जा चुकी है और कतर की एक ऊपरी अदालत पहले ही याचिका स्वीकार कर चुकी है। हिरासत में लिए गए भारतीय नागरिकों की कानूनी टीम ने यह अपील दायर की है। 
कौन हैं ये आठ भारतीय?-
कतर की अदालत ने जिन आठ लोगों को सजा सुनाई है वो भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी हैं।
1. कमांडर पूर्णेंदु तिवारी
2. कमांडर सुगुणाकर पकाला
3. कमांडर अमित नागपाल
4. कमांडर संजीव गुप्ता
5. कैप्टन नवतेज सिंह गिल
6. कैप्टन बीरेंद्र कुमार वर्मा
7. कैप्टन सौरभ वशिष्ठ
8. नाविक रागेश गोपाकुमार

Leave Your Comment

Click to reload image

Jhutha Sach News

news in hindi

news india

news live

news today

today breaking news

latest news

Aaj ki taaza khabar

Jhootha Sach
Jhootha Sach News
Breaking news
Jhutha Sach news raipur in Chhattisgarh