हरियाणा, गोवा के नए राज्यपाल नियुक्त, कविंदर गुप्ता को बनाया गया लद्दाख का उपराज्यपाल
14-Jul-2025 3:24:52 pm
1283
नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन ने देश के तीन प्रमुख राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए राज्यपाल और उपराज्यपाल की नियुक्ति की घोषणा की है। पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रोफेसर आसिम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल बनाया गया है। इसके अलावा, कविंदर गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय कुमार सिंह की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
कविंद्र गुप्ता जम्मू-कश्मीर भाजपा के बड़े नेता रहे हैं और उप-मुख्यमंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उन्हें उप-राज्यपाल बनाकर सक्रिय राजनीति से दूर किया गया है, लेकिन लद्दाख ही भेजा गया है। इसकी वजह यह है कि जम्मू-कश्मीर का ही लद्दाख 2019 से पहले हिस्सा हुआ करता था। कविंद्र गुप्ता को लद्दाख की राजनीति, संस्कृति और अन्य चीजों के बारे में अच्छी जानकारी है। ऐसे में उन्हें लद्दाख में एलजी पद के लिए उपयुक्त व्यक्ति माना जा रहा है। कविंद्र गुप्ता दशकों से भाजपा के समर्पित नेता रहे हैं।
अब तक हरियाणा में बंडारू दत्तात्रेय राज्यपाल थे और अब उनकी जगह प्रोफेसर असीम कुमार घोष लेंगे। बंडारू दत्तात्रेय 2021 से ही हरियाणा के राज्यपाल थे। अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि बंडारू दत्तात्रेय को अब क्या जिम्मेदारी मिलेगी। गजपति राजू तेलुगु देशम पार्टी के नेता रहे हैं और अब गोवा में राज्यपाल के तौर पर काम देखेंगे। ऐसा पहली बार है, जब मोदी सरकार में शामिल किसी गठबंधन सहयोगी के नेता को राज्यपाल के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक सरकार की नीति भाजपा के नेताओं, सैन्य सेवा में रहे लोगों को ही राज्यपाल के तौर पर जिम्मेदारी देने की रही है। ऐसा पहली बार है, जब किसी गैर-भाजपा दल के नेता को यह मौका मिला है।