प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी, राम मंदिर में 14 स्वर्ण कपाट का काम पूरा
16-Jan-2024 3:04:15 pm
578
- प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल
अयोध्या। तीर्थनगरी अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी का काम तेजी से चल रहा है। आज से प्राण प्रतिष्ठा को लेकर विधिवत पूजा का काम शुरू हो जाएगा। यह 9.30 बजे पूजन पद्धति का काम शुरू होगा, जो करीब 5 घंटे तक चलेगा। मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले प्रायश्चित पूजा की शुरुआत होगी। इस पूजन विधि में शारीरिक, आंतरिक और मानसिक तरीके का प्रायश्चित किया जाता है। यजमान को 10 विधि से स्नान कराया जाता है।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूतल पर 14 स्वर्ण मंडित कपाट लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं कार्यदायी संस्था के अधिकारी ने जानकारी दी है कि 22 जनवरी से पहले परिसर के समतलीकरण का काम भी तेजी से किया जा रहा है। इस इलाके में सड़क निर्माण का कार्य भी अंतिम दौर में चल रहा है।
प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को संपन्न कराने के लिए वालंटियर की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अभी तक यह संख्या 500 के पार पहुंच चुकी है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली आदि प्रदेशों के पुरुष व महिलाएं कार्यकर्ता इस काम में आगे आए हैं। इन सभी को आवास, भोजन, आवागमन के प्रबंधन में लगाया जाएगा।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे केजरीवाल-
रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के निमंत्रण पत्र को लेकर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया भी अब सामने आने लगी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के रामघाट स्थित संपर्क, संवाद कार्यालय से अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव ने संपर्क कर दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए आवास व्यवस्था के बारे में पूछा। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष के रूप में समारोह में शामिल होंगे।