हिंदुस्तान

मलबे में तब्दील हुई पटाखा फैक्टरी, 4 महिलाओं के उड़े चीत्थड़े

  • 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल, फैक्टरी मालिक के लाइसेंस की जांच शुरू
मुरादाबाद। अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के अतरासी गांव के जंगल में स्थित पटाखा फैक्टरी में सोमवार को अचानक तेज धमाका हो गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में महिला मजदूर काम कर रही थीं, तभी फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्टरी की टीनशेड पूरी तरह ध्वस्त हो गई। हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे मजदूरों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव में मदद की। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव बुरी तरह से झुलस गए हैं। कुछ के चीत्थड़े उड़ गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन कर दिया है।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है। समिति को सभी पहलुओं की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। फैक्टरी मालिक के लाइसेंस और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
डीएम ने बताया कि मौके पर चार महिलाओं की मौत हुई है। गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए समिति का गठन कर दिया गया है। कारणों का पता लगाया जा रहा है। फैक्टरी मालिक के लाइसेंस की जांच करवाई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार फैक्टरी हापुड़ निवासी व्यक्ति की बताई जा रही है।
 

Leave Your Comment

Click to reload image