खेलो इंडिया विंटर गेम्स : भारतीय सेना ने पहले दिन 2 स्वर्ण सहित 7 पदक जीते
10-Mar-2025 1:52:24 pm
1188
गुलमर्ग। गत चैंपियन भारतीय सेना ने रविवार को यहां दो स्वर्ण सहित सात पदक जीतकर खेलो इंडिया विंटर गेम्स में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। भारतीय सेना ने दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते, जबकि हिमाचल प्रदेश ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। मेजबान जम्मू और कश्मीर ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे चरण का पहला दिन रोमांचक बना दिया। सेना ने नॉर्डिक स्कीइंग पुरुषों की 10 किमी स्पर्धा में दबदबा बनाते हुए तीनों पदक जीते। सनी सिंह ने स्वर्ण, मंजीत ने रजत और राज दीन ने कांस्य पदक जीता। नॉर्डिक स्कीइंग महिलाओं की 5 किमी स्पर्धा में कर्नाटक की भवानी थेक्कडा ने 17:43.47 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। 28 वर्षीय प्रमाणित प्रशिक्षक और पर्वतारोही भवानी पिछले खेलो इंडिया विंटर गेम्स संस्करण में गुलमर्ग में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक जीतने वाली एकमात्र एथलीट थीं।
सेल्मा सोरेंग और कुसुम राणा की आईटीबीपी जोड़ी ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते। स्की माउंटेनियरिंग पुरुष स्प्रिंट स्पर्धा में, राजेश्वर सिंह ने भारतीय सेना के लिए बढ़त बनाई, उन्होंने 15 मिनट 13.40 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। सिद्धार्थ गाडेकर ने महाराष्ट्र के लिए एकमात्र पदक जीता, उन्होंने 15:30.91 के समय के साथ रजत पदक जीता। उत्तराखंड के मयंक डिमरी ने कांस्य पदक जीता। अल्पाइन स्कीइंग पुरुष स्लैलम में, हिमाचल प्रदेश के योगेश कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि जिग्मेट राफस्तान (रजत) और बाकिर हुसैन (कांस्य) की सेना की जोड़ी ने 2-3 पोडियम फिनिश हासिल की। स्नोबोर्डिंग स्पर्धा के पुरुष स्लैलम में, स्थानीय पसंदीदा मेहराजुद्दीन खान और जुबैर अहमद लोन ने मेजबानों के लिए 1-2 फिनिश हासिल की, इसके बाद सेना के विवेक राणा ने कांस्य पदक जीता। स्नोबोर्डिंग की महिलाओं की स्लैलम स्पर्धा में उत्तराखंड की मेनका गुंजियाल ने 24:44.90 के प्रभावशाली समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। हिमाचल प्रदेश की साक्षी ठाकुर और नताशा महार की जोड़ी ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।